श्रीशचंद्र मेमोरियल प्रादेशिक हॉकी टूर्नामेंट का शुभारंभ रविवार को शहर के राजकीय इंटर कालेज के मैदान में पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल ने किया। उन्होंने हर वर्ष हॉकी टूर्नामेंट आयोजित किए जाने की घोषणा की।
पहले दिन चार मुकाबले हुए, लेकिन शाम को हुआ आखिरी मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा। इस मुकाबले में मुरादाबाद और गोरखपुर की टीम के बीच पैनल्टी शूटआउट में हार-जीत का फैसला हो सका। पैनल्टी में मुरादाबाद की टीम ने गोरखपुर की टीम को 4-3 से हरा दिया।
जीआईसी मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय हॉकी टूर्नामेंट का शुभारंभ पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल ने कबूतर उड़ाकर और गुब्बारे हवा में छोड़कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हॉकी भारत का खेल है, लेकिन क्रिकेट के आभा मंडल में हॉकी छिप गया। अब हर वर्ष राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित किए जाने की घोषणा उन्होंने की।
सदर विधायक नितिन अग्रवाल, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल और नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष उमेश अग्रवाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच की शुरुआत कराई।
पहला मैच हरदोई और पूरनपुर की टीम के बीच हुआ। इस मैच में हरदोई की टीम ने पूरनपुर को 4-2 से हरा दिया। दूसरा मैच बिजनौर और लखनऊ की टीम के बीच हुआ। एकतरफा मैच में बिजनौर की टीम 6-2 से विजेता बनीं। तीसरा मैच प्रतापगढ़ और बांदा की टीम के बीच हुआ। यह मैच भी एकतरफा साबित हुआ।
प्रतापगढ़ की टीम 4-0 से मैच जीतने में कामयाब रही। आखिरी मैच मुरादाबाद और गोरखपुर की टीम के बीच हुआ। कांटे के मुकाबले में तय समय में दो-दो की बराबरी पर मैच छूटा तो पैनल्टी शूटआउट से फैसला किए जाने की बात तय हुई।
पैनल्टी शूटआउट में करीबी मुकाबले में मुरादाबाद की टीम ने गोरखपुर को 4-3 से हरा दिया। मैच के दौरान यूपी राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश अग्रवाल, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष रामप्रकाश शुक्ला, योगेंद्र दत्त मिश्रा बच्चू, गोविंद नानवानी, राहुल अग्रवाल, अनूप सिंह मोनू, राघवेंद्र नाथ मिश्रा, मनीष चतुर्वेदी, सुखसागर मिश्र मधुर, राजू मिश्रा, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पीके मिश्रा भी उपस्थित रहे।