हरदोई। पिछले कुछ सालों की घटनाओं का संज्ञान लेकर श्रीराम लीला मेला कमेटी ने इस बार ऐतिहासिक नुमाइश मेले की निगरानी करने के लिए तीसरी आंख का संजाल फैलाया है। नुमाइश ग्राउंड में पहली बार 16 सीसीटीवी कैमरे लगाकर निगरानी की जा रही है।
मुख्य आयोजक व संचालक राम प्रकाश शुक्ला ने बताया कि पिछले कई सालों में इक्का दुक्का घटनाएं सामने आतीं रही हैं कभी झूले पर दबंगई की जाती है तो कभी छेड़खानी की शिकायतें भी आतीं हैं। मेला ग्राउंड में पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहता है लेकिन आरोपी कई बार पकड़ से दूर हो जाते हैं। इन घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए मेला कमेटी ने इस बार सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना बनाई। मेला ग्राउंड में पोलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। जिससे सारी गतिविधियां स्क्रीन पर भी देखी जा सकती हैं। सीसीटीवी कैमरों को ऐसी जगहों पर लगाया गया कि दूर तक एरिया कवर हो। इसमें चौराहों व गलियों के मोड़ पर स्थान अधिक चयनित किए गए हैं। दो टीवी स्क्रीनों से मेले के दौरान निगरानी की जा रही है। एक स्क्रीन मेला कमेटी कार्यालय में तो दूसरी पुलिस चौकी में लगाई गई है। सीसीटीवी कैमरों व स्क्रीन का खर्चा मेला कमेटी ने स्वयं वहन किया है। झूलों पर दबंगई व मेले में छेड़छाड़ की जो शिकायतें आतीं थीं उन पर अंकुश लगेगा। इधर, पुलिस प्रशासन ने भी मेला ग्राउंड को 14 प्वाइंटों में विभाजित कर निगरानी कर रही है। एक प्रभारी के साथ 10 उपनिरीक्षक, 10 कांस्टेबल, 30 महिला कांस्टेबल, 30 होमगार्ड व डेढ़ कंपनी पीएसी भी लगाई गई है। एक चौकी भी स्थापित की गई है।