पाली (हरदोई)। थाना क्षेत्र के ग्राम सांडी खेडा के पास रविवार शाम तिलक समारोह से लौट रहे बाइक सवार नहर में जा गिरे। हादसे में चार लोग घायल हो गए। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के दरियापुर विक्कू गांव निवासी कुलदीप सहित चार लोग पाली थाना क्षेत्र के बिनैका में रोहित पुत्र राजाराम के तिलक समारोह में शामिल होने आए थे। तिलक समारोह में शामिल होकर सभी लोग बाइक से वापस घर जा रहे थे। सूखी पड़े बरवन रजवहा के पास सांडी खेड़ा की पुलिया के ऊपर बाइक नहर में जा गिरी। हादसे में कुलदीप ( 26 ) पुत्र राधेश्याम, शिवम ( 23 ) पुत्र श्रीपाल एवं पंक्षी देवी ( 23 ) पत्नी अखिलेश और तीन साल का मासूम देवप्रकाश बुरी तरह जख्मी हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को पाली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया।