हरदोई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिर वोटिंग के ठीक तीन दिन पहले आ रहे हैं। लोकसभा चुनाव 2014 में भी वह वोटिंग के ठीक तीन दिन पहले आए थे और भाजपा ने हरदोई व मिश्रिख सीटें जीत ली थी। तीन दिन का संयोग क्या फिर कमाल कर पाएगा।
प्रहलाद नगरी को भगवा रंग में रंगने की जो गणित वर्ष 2014 में लेाकसभा चुनाव के दौरान भाजपाइयों ने अपनाई थी उसमें भाजपाई शत-प्रतिशत सफल रहे थे। नरेंद्र मोदी को बुलाकर लोकसभा की दोनों सीटों पर भाजपा का परचम लहराया था।
भाजपा दो साल नौ माह 25 दिन बाद एक बार फिर वही इतिहास दोहराकर जिले की आठों सीटों पर जीत दर्ज करना चाहती है। लोकसभा चुनाव 2014 में जिले की दोनों लोकसभा सीटों के लिए मतदान 24 अप्रैल को था।
मतदान से ठीक तीन दिन पहले नरेंद्र मोदी ने 21 अप्रैल को आईटीआई मैदान में ऐसा संबोधन दिया कि जिले की दोनों सीटें भाजपा की झोली में आ गई। फिर जिले के भाजपा पदाधिकारी विधानसभा चुनाव में भी वही पुराना समय दोहराना चाहते हैं।
19 फरवरी को मतदान के ठीक तीन दिन पहले 16 फरवरी यानी आज नरेंद्र मोदी जिले के मतदाताओं के समक्ष होंगे। मतदान से पूर्व उनके जिले में तीन दिन पूर्व के संयोग को दोहराए जाने के बाद भले ही आठ सीटों का भविष्य कुछ भी क्यों न हो लेकिन भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता काफी गदगद हैं और अपने पार्टी प्रत्याशियों के अच्छे दिन आएंगे इसका लेकर मंथन करने लगे हैं।