हरदोई। पूर्व सांसद भाजपा नेता नरेश अग्रवाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल के चुनाव ने सिद्ध कर दिया है कि जनता का विश्वास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर है। प्रधानमंत्री ने देश को शक्तिशाली और आत्मनिर्भर बनाया है। इसका सर्टिफिकेट जनता ने दे दिया है अब किसी और से सर्टिफिकेट नहीं चाहिए।
वैटगंज स्थित आवास पर बुधवार शाम पत्रकार वार्ता में नरेश अग्रवाल ने कहा कि ईरान युद्ध ने पूरे विश्व की अर्थव्यवस्था हिला दी। भारत की अर्थव्यवस्था प्रधानमंत्री ने जिस तरह संभाली है उससे फक्र होता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकास की गंगा उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार होते हुए पश्चिम बंगाल पहुंच गई है। भरोसा जताया कि आने वाले दिनों में होने वाले विधानसभा चुनावों में भी भाजपा सरकार बनाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई देते हुए भाजपा नेता ने कहा कि यूपी की कानून व्यवस्था नंबर वन है। अन्य राज्य भी यही मॉडल अपनाना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्रीय दल अब समाप्त हो रहे हैं। पश्चिम बंगाल और तृणमूल कांग्रेस इसका उदाहरण हैं। पत्रकार वार्ता के दौरान नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष राम प्रकाश शुक्ला भी मौजूद रहे।
अनुशासनहीनता करने वालों पर सख्ती करें जिलाध्यक्ष
पत्रकार वार्ता में पूर्व सांसद ने पार्टी के अंदर अनुशासन का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष अनुशासनहीनता करने वालों पर सख्ती करें। जो लोग पार्टी के खिलाफ चुनाव लड़ना चाहते हैं उनसे कहें कि पार्टी छोड़ दें और चुनाव लड़ें। अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं होनी चाहिए।
किसी ने भी कराया हो पर विकास तो हुआ...
पूर्व सांसद ने कहा कि हरदोई का विकास हुआ है। किसी ने भी कराया हो लेकिन विकास तो हुआ है। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि मेरे जमाने में विकास न हुआ हो लेकिन जनता बता देगी। पिछले कुछ दिनों में विभिन्न प्रतिमाओं और प्रतीक चिह्नों को लेकर हुए विवाद पर उन्होंने कहा कि सांप्रदायिकता किसी भी हाल में स्वीकार नहीं है।