हरदोई। गंगा देवी इंटर कॉलेज में गुरवार को पुरातन छात्र परिषद मिलन समारोह का आयोजन हुआ। इसमें 40 वर्ष पहले इंटर कला वर्ग प्रारंभ होने के बाद से अब तक विज्ञान वर्ग प्रारंभ न होने से पुरातन छात्रों ने अफसोस जाहिर किया। अतिथियों ने स्कूल की लैब को आधुनिक बनाने का आश्वासन देकर छात्र छात्राओं के चेहरों पर खुशियां बिखेर दीं।
जनपद के गंगा देवी इंटर कॉलेज में विद्यालय पुरातन छात्र परिषद मिलन समारोह में मुख्य अतिथि राजेंद्र भाई पटेल व विशिष्ट अतिथि पुरातन छात्र डॉ. आरपी गुप्ता ने विद्यालय परिसर में कंप्यूटर लैब को आधुनिक बनाने के साथ हर संभव मदद करने का वादा किया। साथ ही विद्यालय के छात्रों को अपने नर्सिंग विद्यालय में एडमिशन लेने पर फीस में छूट देने की भी घोषणा की।
विद्यालय के वर्तमान प्रधानाचार्य डॉ. अभिराम सिंह ने कहा कि जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा अपने विद्यालय निरीक्षण के अवसर पर यहां इंटर में विज्ञान की कक्षा शीघ्र प्रारंभ कराने के लिए शासन को संस्तुति करने का वादा किया गया है। इस दौरान सभी ने पूर्व प्रधानचार्य व संस्थापक स्व. राधेश्याम गुप्ता व स्व. राधाकांत सक्सेना के योगदान की सराहना की।
अध्यक्षता अजीत अवस्थी व अभय शंकर गौड़ ने की। इससे पूर्व विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये। इस दौरान अतिथियों ने इंटरमीडिएट परीक्षा 2020 में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली प्रिया गुप्ता, हाईस्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त कर्ता पायल सिंह सहित अन्य प्रतियोगिताओं में शीर्ष पर रहने वाले छात्र छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के अध्यापक आलोक सिंह द्वारा किया गया। इस मौके पर प्रबंधक संजय सक्सेना, पुरातन छात्र अरुण कौल , भूपेंद्र सिंह सोमवंशी एडवोकेट, धर्मराज सिंह, आशीष अस्थाना, आशुतोष मिश्रा एडवोकेट, मुजीबुर्रहमान शमसी, नवीन चंद्रा एडवोकेट, गोपाल मेहरोत्रा आदि उपस्थित रहे।
गंगा देवी में मेधावी छात्राओं को पुरस्कृत करते डॉ. आरपी गुप्ता व अन्य। संवाद- फोटो : HARDOI