हरदोई। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में मरीजों को फिजियोथेरेपी की सुविधा सोमवार से मिलना शुरू हो जाएगी। फिजियोथेरेपी के लिए अलग-अलग प्रकार की आधुनिक मशीनें मंगाकर स्थापित करा दी गई हैं। फिजियोथेरेपी सेंटर अब संचालन के लिए तैयार है। ऐसे में सोमवार को फिजियोथेरेपी सेंटर का शुभारंभ किया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल में अभी तक मरीजों की फिजियोथेरेपी नहीं होती थी। आर्थोपेडिक और जिरियाट्रिक्स केयर के मरीजों काे फिजियोथेरेपी कराने के लिए निजी क्लीनिकों में जाना पड़ रहा है। वहां मरीजों को जेब ढीली करनी पड़ती है। निजी क्लीनिकों में फिजियोथेरेपी पर काफी राशि खर्च हो जाती है। मेडिकल काॅलेज में सुविधा शुरू होने से मरीजों को निशुल्क थेरेपी मिल सकेगी।
थेरेपी में प्रयोग होने वाली मशीनें आ गई हैं। मसल्स की सिंकाई सहित साइकिलिंग और अन्य कई मशीनें मंगवाकर स्थापित करवा दी गई हैं। मशीनों के आने के बाद अब फिजियोथेरेपी सेंटर का शुभारंभ किया जाना है। उम्मीद है कि सोमवार को फिजियोथेरेपी सेंटर का शुभारंभ हो जाएगा। इसको लेकर शनिवार को प्रधानाचार्य डॉ. जेविन बिष्णु गोगोई ने निरीक्षण किया और मौजूद स्टाफ को दिशा निर्देश दिए।
सेंटर पर मौजूद रहेंगे आधुनिक उपकरण
फिजियोथेरेपी सेंटर पर कसरत, दर्द और मूवमेंट की मशीनों की स्थापना कराई गई है। इसमें सिंकाई के लिए डाई थर्मी मशीन, अल्ट्राॅसाेनिक मशीन, मसल्स स्टीमुलेटर मशीन और साइकिलिंग समेत कई मशीनें लगा दी गई हैं। इन मशीनों के लगने के बाद अब सेंटर संचालित हो जाएगा और मरीजों को मेडिकल कॉलेज में ही फिजियोथेरेपी की सुविधा मिल सकेगी।