कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में बीती देर शाम शौच को
खेत पर गई विकलांग युवती को बंधक बनाकर दुष्कर्म किया गया। इसके बाद उसकी
गला दबाकर हत्या कर दी गई। सुबह उसका शव खेत पर बरामद हुआ। घटना से परिजनों
का कोहराम मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर
पोस्टमार्टम को भेजा। पोस्टमार्टम हाउस के सूत्रों के अनुसार युवती की
स्लाइड बनाई गई है और उसके प्राइवेट पार्ट्स में चोट के निशान व गला दबाकर
हत्या की पुष्टि हुई है। इस बाबत कोतवाल डीपी सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने
पर घटना की रिपोर्ट दर्ज होगी।
युवती के परिजनों के अनुसार उनकी बाइस
वर्षीय विकलांग बेटी बीती शाम करीब 7 बजे शौच के लिए खेत पर गई थी, लेकिन
काफी देर बाद भी जब वह नहीं लौटी तो परिजनों ने खोजबीन की। कोई सुराग न
मिलने पर सूचना कोतवाली पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने भी रात में युवती की
खोजबीन करने की जहमत नहीं उठाई।
मंगलवार की सुबह युवती का शव घर से सौ
कदम दूर स्थित खेत में पड़ा मिला। उसके दोनों हाथ बंधे हुए थे और गले में
दुपट्टा कसा हुआ था। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव देखते ही
कोहराम मच गया। परिजनों का कहना था कि बीती रात वह इस खेत में पुत्री को
देखने आए थे, पर आस पास भी वह नहीं मिली।
संभावना जताई जा रही कि हत्यारों
ने उसे अगवा कर घटना को अंजाम दिया और इसके बाद शव खेत में फेंक दिया।
सूचना पर सीओ चरन सिंह, कोतवाल डीपी सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना
की जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराया।
उधर,
पोस्टमार्टम हाउस के सूत्रों के अनुसार युवती की मौत गला दबाने से हुई।
उसके साथ दुष्कर्म भी किया गया है। जांच के लिए स्लाइड भी तैयार की गई।
कोतवाल ने कहा कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।