फोटो-43-संडीला में मिशन शक्ति केंद्र में तैनात पुलिस कर्मियों से जानकारी लेते आईजी तरुण गाबा।
संडीला। लखनऊ जोन के आईजी तरुण गाबा ने शनिवार को संडीला कोतवाली के मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान यहां तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मिशन शक्ति केंद्र में आने वाली शिकायतों में फरियादी की शिकायत का निस्तारण पूरी तरह से न होने तक उसके संपर्क में रहने के निर्देश भी आईजी ने दिए।
मिशन शक्ति के फेज-पांच के तहत जनपद में सभी कोतवाली और थानों में मिशन शक्ति केंद्र की स्थापना की गई है। इसी क्रम में आईजीतरुण गाबा शनिवार शाम संडीला पहुंचे। यहां उन्होंने संडीला कोतवाली का भी निरीक्षण किया। अतिरिक्त निरीक्षक इंद्रेश कुमार से स्टाफ और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। यहां आठ रजिस्टर बनाए जाने की जानकारी भी आईजी को अतिरिक्त निरीक्षक ने दी। आईजी ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान महिलाओं की सुरक्षा सम्मान और स्वावलंबन के लिए है।
मिशन शक्ति के तहत आने वाली हर शिकायत का निस्तारण पूरी गुणवत्ता के साथ किया जाए। महिलाओं और युवतियों को परेशान करने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई हो। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क पर स्टंट करने वाले, हूटर बजाने वाले और सार्वजनिक स्थलों पर अराजकता फैलाने वाले लोगों पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के बाद आईजी ने नगर में पैदल गश्त भी की।
राह चलती महिलाओं और युवतियों को मिशन शक्ति अभियान से जुड़े पत्रक भी वितरित किए। सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचकर आईजी का स्वागत किया। इस दौरान एसपी अशोक कुमार मीणा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नारायणी भाटिया, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी नृपेंद्र, सीओ संडीला संतोष कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।