युवती के नहर में कूदने की चर्चा पर लेहना नहर पुल लगी ग्रामीणों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
पिहानी। सौतेली मां से हुए विवाद के बाद शनिवार की अलल सुबह आत्महत्या करने की बात कह कर घर से निकली युवती लापता हो गई। उसकी चप्पलेें नहर पुल पर पड़ी पाई गईं। परिजनों का कहना है कि युवती नहर में कूद कर जान देने की बात कह कर निकली थी। मां ने कोतवाली पहुंच कर युवती की गुमशुदगी की सूचना दी। कोतवाल श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि मामला संज्ञान में है युवती की तलाश की जा रही है।
लेहना गांव निवासी सोनी (18) रियासत का शनिवार की सुबह सौतेली मां सलमा से घरेलू कामकाज को लेकर विवाद हो गया है। सलमा का कहना है कि गुस्से में उसने सोनी को डांट दिया जिस पर सोनी घर से निकल गई और कह गई कि वह लेहना नहर में कूद कर जान दे देगी। सलमा के मुताबिक इस पर उसने घर के अन्य सदस्यों को जगाया और सोनी की तलाश में उसके पीछे गई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। बताया कि खोजबीन के दौरान लेहना नहर पुल पर सोनी की चप्पलें पड़ी मिलीं। परिजन सोनी की नहर में डूबने की आशंका जता रहे हैं। दोपहर में कोतवाली पहुंच कर सलमा ने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली है। कोतवाल श्यामबाबू शुक्ला ने बताया कि मौके पर जाकर जांच की गई थी। जानकारी मिली है कि परिजनों ने युवती की शादी तय कर दी थी, युवती इससे नाखुश थी। इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। श्यामबाबू शुक्ला ने बताया कि जांच के साथ युवती की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
सोनी रिश्ता तय होने से नाखुश थी
पिहानी। परिजनों ने बताया कि कुछ माह पहले पिता रियासत ने सोनी की शादी अपने भाई शराफत के बेटे के साथ तय की थी। मां सलमा ने बताया कि सोनी तय किए गए रिश्ते से नाखुश है। इस लिए वह नाराज होकर घर से निकली थी। वहीं ग्रामीणों का कहना है सलमा और सोनी के बीच घर के काम काज को लेकर आए दिन विवाद होता रहता है। शनिवार को दोनों के बीच विवाद हुआ था।