घटनास्थल पर कंकाल देखते कोतवाल जगदीश यादव व अन्य। संवाद
- फोटो : HARDOI
संडीला (हरदोई)। 22 मार्च को घर से बिना बताए निकले युवक का कंकाल शनिवार को संडीला कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बेहटानाला के निकट झाड़ियों में पड़ा मिला। शव के पास पास पड़ी चप्पलों के आधार पर मृतक की मां ने शिनाख्त की।
संडीला कोतवाल क्षेत्र के ग्राम मोहम्मदपुर निवासी दीपक (26) पुत्र महेंद्र कुमार मजदूर था। मां शन्नो ने बताया कि दीपक शराब का लती था। 22 मार्च को वह घर से बिना बताए निकल गया था।
परिजन समझ रहे थे कि वह कानपुर स्थित ससुराल गया होगा। शनिवार को कुछ लोग मवेशी चराने के लिए गांव से कुछ दूर पर स्थित बेहटानाला के निकट गए तो दुर्गंध आई। वहां कंकाल पड़ा था।
इसकी सूचना पुलिस को दी गई। ग्रामीणों के साथ गांव निवासी शन्नो भी मौके पर पहुंची तो उसने शव के पास पड़ी चप्पलों को देखकर शिनाख्त पुत्र दीपक के रूप में की। कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना को लेकर परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाए हैं। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। उसकी पत्नी की एक वर्ष पहले मौत हो गई थी। डेढ़ वर्ष का एक पुत्र है, जो ननिहाल कानपुर में रहता है।