पिहानी। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रनियामऊ में शनिवार को दोपहर से लापता युवक का शव गांव के बाहर बाग में पेड़ से फंदे से लटका मिला। परिजनों ने घटना के कारणों की जानकारी न होने की बात कही।
सूचना पर पहुंची पुुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रनियामऊ निवासी सुमित (35) खेतीबाड़ी करते थे। शनिवार को दोपहर से अचानक लापता हो गए थे।
देर शाम तक न आने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन कहीं से सुराग नहीं मिला। रविवार को सुबह खेतों की तरफ गए ग्रामीणों ने बाग में एक जामुन के पेड़ में मफलर के फंदे से सुमित का शव लटका देखा।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना परिजनों व पुलिस को दी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने घटना की वजह की जानकारी न होने की बात कही है। मृतक के परिवार में पत्नी उर्मिला के अलावा एक बेटा है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। कोतवाल दिलेश सिंह ने बताया कि घटना में घरेलू कलह की बात सामने आ रही है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।