फोटो-29-डॉ. राकेश कुमार की फाइल फोटो।
- फोटो : HARDOI
मल्लावां (हरदोई)। शुक्रवार शाम से लापता मल्लावां कस्बे के दंत चिकित्सक का शव उन्नाव जनपद के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में एक कोल्ड स्टोर के निकट बाग में पड़ा मिला। पास ही चिकित्सक की स्कूटी भी पड़ी थी। मृतक की पत्नी ने शनिवार को ही पैतृक संपत्ति के लिए पति को गायब करने की रिपोर्ट दो देवरों के विरुद्ध मल्लावां कोतवाली में दर्ज कराई थी।
मल्लावां के मोहल्ला बाजीगंज निवासी डॉ. राकेश कुमार (36) पुत्र रामेश्वर प्रसाद मूल रूप से उन्नाव जनपद के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम शंभौली के रहने वाले थे। उनका पशु चिकित्सालय के सामने दंत क्लीनिक था। पत्नी रमा पटेल ने बताया कि राकेश शुक्रवार शाम पांच बजे घर से निकले थे। देर रात तक वापस न आने पर उनकी तलाश की गई। कोई सुराग न मिलने पर रमा ने शनिवार सुबह अपने देवरों सुधीर कुमार और राजीव कुमार पुत्रगण रामेश्वर प्रसाद के विरुद्ध राकेश को गायब करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रमा का कहना है कि पैतृक संपत्ति को लेकर उनके पति और देवरों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद जांच शुरू की, तो पता चला कि राकेश का शव बांगरमऊ उन्नाव मार्ग पर एक कोल्ड स्टोर के निकट आम के बाग में पड़ा है। शव के पास मिली स्कूटी भी पुलिस ने कब्जे में ली है। मृतक के परिवार में पत्नी और पुत्र प्रांजल व शौर्य हैं। मल्लावां कोतवाल कमलेश कुमार ने बताया कि शव उन्नाव में मिला है। उन्नाव पुलिस ही पोस्टमार्टम करा रही है।