हरदाेई। सांडी थाना क्षेत्र के गांधी गांव से लापता युवक का शव सोमवार दोपहर गर्रा नदी में मिला। प्राथमिक जांच में घरेलू कलह की बात सामने आई है।
सांडी थाना क्षेत्र के गांधी गांव निवासी राजपाल (28) हलवाई का काम करता था। बीती 23 मार्च को वह घर से बिना कुछ बताए चला गया था। पिता रामरतन की तहरीर पर उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट सांडी थाने में दर्ज की गई थी। सोमवार को उसका शव गर्रा नदी में बरबन गांव के पास उतराता मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची लोनार कोतवाली पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया।
सोशल मीडिया पर फोटो भी वायरल की गई, तो उसकी शिनाख्त हो गई। लोनार कोतवाल आलोकमणि त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिक जांच में घरेलू कलह के चलते नदी में कूदकर खुदकुशी किए जाने की बात सामने आई है। परिजनों ने घटना को लेकर कोई आरोप नहीं लगाए हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।