हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र से एक माह पूर्व लापता हुआ किशोर पुलिस को रेलवे स्टेशन के पास मिला है। उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला चांद बेहटा निवासी सतेंद्र कुमार प्रजापति ने 21 नवंबर को शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका पुत्र विश्वास (15) कोचिंग जाते समय लापता हो गया। सर्विलांस सेल के प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार सिंह और शहर कोतवाल शैलेंद्र श्रीवास्तव को मामले की छानबीन में लगाया गया।
संयुक्त टीम बनाकर आसपास के जिलों में भी छानबीन की गई, लेकिन किशोर का पता नहीं चला। 21 दिसंबर को सतेंद्र के मोबाइल पर एक कॉल आई, जिसमें फोन करने वाले ने खुद का नाम अब्दुल मलिक सरदार बताया और सूचना दी कि विश्वास लुधियाना में मजदूरी कर रहा है। इस पर पुलिस टीम और परिजन लुधियाना पहुंचे, जहां दो दिन तक उसकी तलाश की गई। 23 दिसंबर को अब्दुल मलिक सरदार पुलिस को मिला। उसने बताया कि विकास घर जाने की जिद कर रहा था तो उसे हावड़ा-अमृतसर ट्रेन से रवाना कर दिया। इस पर पुलिस टीम हरदोई रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां माल गोदाम के पास विश्वास मिल गया। इस दौरान पता चला कि विश्वास इससे पहले भी दो बार परिजनों को बिना बताए घर से जा चुका है।