मंसूरनगर गांव में चोरों ने एक घर में घुसकर कमरे और
अलमारी का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात और सामान पर हाथ साफ कर दिया। तीन
साल के दौरान एक ही मकान में चोरी की यह दूसरी घटना है। गृहस्वामी ने मामले
की सूचना पुलिस को दे दी है।
मंसूरनगर गांव निवासी राजेश अवस्थी पुत्र
स्वर्गीय श्रीकृष्ण ने बताया कि वह लोग बीती रात घर की छत पर सोए थे। सुबह
उठकर नीचे आए तो कमरे का ताला टूटा और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा मिला। सेफ,
अलमारी और बक्सों के ताले भी टूटे थे और इनका सारा समान बाहर पड़ा हुआ था।
अलमारी और बक्सों के अलावा कमरे में रखा कीमती सामान गायब था। राजेश के
अनुसार, सोने के जेवरों में तीस ग्राम का हार, चार जोड़ी चूड़ी, एक जोड़ी
झाले, चार अंगूठी, एक जंजीर, कुंडल, मांग बेदी, दो नाक फूल और चांदी के
सामान में कमर बिछुआ, पायल बड़ी, हाथ फूल, पायल छोटी, ग्यारह चांदी के
सिक्के एवं पंद्रह हजार रुपये चोर ले उड़े।
उन्होंने बताया कि चोरी गए
जेवरात व नगदी मिलाकर लगभग ढाई लाख रुपये की चोरी हुई है। मकान में घुसने
के लिए चोरों ने पड़ोस में पड़े खाली मकान का सहारा लिया। पहले वह उस मकान
का बाहरी ताला तोड़ कर अंदर घुसे और फिर छत के सहारे पड़ोस में स्थित राजेश
के मकान में उतरे।
इस तरह चोरी की एक वारदात अंजाम देने में चोरों ने पांच
ताले तोड़ दिए और लगभग ढाई लाख रुपये कीमत के जेवरात व नगदी ले उड़े।
राजेश ने बताया कि तकरीबन तीन वर्ष पहले भी इसी मकान में चोरी की वारदात हो
चुकी है।