कसबे के मोहल्ला लोहानी स्थित मसजिद से अजान देने के
दौरान माइक में उतरे करंट की चपेट में आकर वृद्ध की मौत हो गई। नमाज पढ़ने
के लिए मसजिद आए नमाजियाें ने जब उनका शव पड़ा देखा तो हड़कंप मच गया।
लोहानी
स्थित शिया मसजिद पंजतनी में मोहल्ले के ही मुस्तफा हुसैन जैदी (70)
मोअज्जिन पद पर थे। वह नगर पालिका से सेवानिवृत्ति केे बाद से मसजिद में
खिदमत दे रहे थे। मंगलवार की सुबह वह फज्र की अजान कहने के लिए घर से निकले
थे। अजान कहने के दौरान ही माइक में करंट से वह बुरी तरह से झुलस कर मसजिद
में ही गिर गए।
थोड़ी देर बाद जब नमाजियों के आने का सिलसिला शुरू हुआ तो
लोगों ने उन्हें मृत पाया। सबसे पहले मसजिद पहुंचे शमशाम अली ने बताया कि
शव के पास ही माइक पड़ा हुआ था। उन्होंने जैसे ही माइक हटाने के लिए छुआ
तो उन्हें भी करंट का झटका लगा। इसकी खबर फैलते ही मसजिद परिसर में भीड़
उमड़ पड़ी।
परिजनों में भी हादसे की खबर से कोहराम मचा हुआ है।
मोहल्लेवासियों के मुताबिक अजान के पहले दो अल्फाज अदा करने के बाद मुस्तफा
जैदी की आवाज खामोश हो गई थी। मृतक अपने पीछे तीन पुत्रियों और दो पुत्रों
का परिवार छोड़ गए हैं। अल्लाह की बड़ाई बुलंद करते हुए उनकी मौत पर
उलमा-ए-कराम भी अंतिम दर्शन को पहुंचे।