सांडी। बीती 19 मई को सड़क हादसे में घायल अधेड़ की रविवार की सुबह लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। शव का वहीं पोस्टमार्टम हुआ।
थाना क्षेत्र के ग्राम पकरा के मजरा सैदापुर निवासी रामकिशोर शर्मा (56) खरबूजे बेचने का काम करते थे। बीती 19 मई को सांडी-हरदोई मार्ग पर एक गैस एजेंसी के पास वह फुटपाथ पर खरबूजे बेच रहे थे। इस दौरान अनियंत्रित पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने परिजन व पुलिस को सूचना दी।
एंबुलेंस से रामकिशोर को सीएचसी पहुंचाया गया। चिकित्सक ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां से उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया था। जहां रविवार की सुबह उनकी मौत हो गई। मृतक के भाई रामपाल ने बताया शव का पोस्टमार्टम लखनऊ में ही हुआ। मृतक तीन भाइयों में बड़ा था।