सूरज की तपिश से सोमवार को भी लोग बेहाल रहे। पारा
39 डिग्री के आसपास घूमता रहा। लगातार बढ़ रही गर्मी से लोग परेशान रहे।
उधर, मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि जिस तरह से गर्मी बढ़ रही है, उससे फिर
बादल छा सकते हैं। बूंदाबांदी भी हो सकती है।
पिछले कुछ दिनों से
सूरज की तपिश बढ़ती जा रही है। इस कारण हर दिन पारा चढ़ रहा है। रविवार को
तापमान 39 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। सोमवार को भी पारा 39.0 डिग्री के
आसपास रहा। इस कारण लोग भीषण गर्मी से परेशान हो उठे।
दोपहर में
चलीं गर्म हवाओं के थपेड़ों ने भी लोगों को बेहाल कर रखा है। तेज धूप और
हवाओं से पैदल और दोपहिया वाहन से चलने वालों को खासी परेशानी का सामना
करना पड़ रहा है। गर्मी ने अप्रैल में ही जून की गर्मी का अहसास करा दिया।
लोग धूप से बचाव के लिए घरों से गमछा, चश्मा या छाते का सहारा लेकर निकले।
गर्मी के कारण शीतल पेय पदार्थों की दुकानेें जगह-जगह दिखने लगी हैं। चश्मा, गमछा एवं सूती कपड़े की दुकानें भी गुलजार हो गई हैं।
उधर,
मौसम वैज्ञानिक जयशंकर मिश्र ने बताया कि सोमवार को भी अधिकतम तापमान 39
डिग्री रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रिकार्ड किया गया। उन्होंने
बताया कि जिस तरह से मौसम लगातार गर्म हो रहा है, उससे अनुमान लग रहा है कि
जल्द ही मौसम फिर से करवट लेगा। मंगलवार या बुधवार को बूंदाबांदी हो सकती
है।
गर्मी बढ़ने से एसी एवं कूलर का बाजार गर्म हो गया है।
इलेक्ट्रानिक सामानों के विक्रेता विजय गुप्ता ने बताया कि ज्यों-ज्यों
गर्मी बढ़ रही है, एसी और कूलर की बिक्री तेज हो रही है। बताया कि मई और
जून में एसी और कूलर की बिक्री में और इजाफा होगा।