44 डिग्री पारे के कहर और लू के थपेड़ों से आम जनमानस
बेहाल हो उठा। रविवार के बाद सोमवार को गर्म हवाओं के चलते दोपहर बाद
सड़कों पर सन्नाटा पसर गया और जो लोग दोपहिया वाहनों पर निकले भी तो उनके
चेहरे पर कपड़ा बंधा था। गर्मी के चलते पशु पक्षी भी बेहाल नजर आए।
सोमवार
को न्यूनतम पारा 28 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 44 डिग्री दर्ज किया गया।
ज्ञात हो कि रविवार की रात आई आंधी के बावजूद लोगोें को गर्मी से राहत नहीं
मिली। पुरवइया चलने से कूलर भी ठंडी हवा नहीं दे रहे हैं, वहीं गर्म हवा
चलने के कारण लोगों को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
सोमवार को सुबह
आसमान में हल्के बादल छाए रहे, पर बाद में तेज धूप निकल आई। दोपहर के 12
बजे धूप की तपिश व गर्म हवाओं से सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। वहीं
पशु-पक्षी भी पेड़ाें के इर्द गिर्द नजर आए। शाम करीब 3 बजे आसमान में धुंध
छाई रही, पर गर्मी के तेवर कम नहीं हुए।
इस बाबत मौसम वेधशाला के प्रभारी
जयशंकर मिश्र ने बताया कि दो दिनों से तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पर ही
अटका है। इसके ऊपर जाने की प्रबल संभावना है। इस कारण लोगों को गर्मी से
राहत नहीं मिल रही है।