सूरज के तेवर सोमवार को भी कम होते नजर नहीं आए।
जिसके चलते तापमान जहां 42 डिग्री पर ही अटका रहा, वहीं तपती दोपहर में
लोगों को सड़काें पर चलना दूभर रहा। इधर, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि
बारिश की संभावनाएं एक बार फिर से टलती नजर आ रही हैं।
सोमवार को भी
सुबह से ही बढ़े तापमान में भीषण गर्मी के अहसास से सामान्य जन जीवन अस्त
व्यस्त रहा। बढ़ी उमस व सूरज की आग फेंक रही किरणों से लोग परेशान नजर आए।
यही नहीं भीषण गर्मी का अहसास लोगों को पसीना-पसीना कर गया। सूरज के कड़क
तेवरों से बढ़ी गर्मी से लोग बेहाल दिखे।
मौसम वैज्ञानिक जयशंकर मिश्रा ने
बताया कि सोमवार को भी तापमान अधिकतम 42 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री
सेल्सियस रिकार्ड किया गया। कहा कि पहले मंगलवार को बारिश की संभावनाएं लग
रही थीं, पर अब ऐसा प्रतीत नहीं हो रहा है। अभी पारे के और चढ़ने की
संभावनाएं हैं। जिसके बाद गर्मी और उमस से लोगों को बेहाल होना पड़ेगा।