किसानों की तमाम तरह की समस्याओं के विरोध में अब
दिल्ली में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। भाकियू (अराजनैतिक) के पदाधिकारियों
ने शनिवार को कलक्ट्रेट परिसर में धरना देते हुए बैठक की और किसानों से 18
मार्च को होने वाले डेरा डालो घेरा डालो आंदोलन को सफल बनाने को ज्यादा
संख्या में दिल्ली पहुंचने की अपील की।
भाकियू कार्यकर्ताओं ने किसानों की
तमाम मांगों के संबंध में एक ज्ञापन भी नगर मजिस्ट्रेट को दिया। भाकियू
की मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष राज बहादुर सिंह यादव ने
कहा कि किसानों की मांगों को लेकर सरकार तनिक भी गंभीर नहीं है। राष्ट्रीय
नेतृत्व ने भी किसानों की मांगों को पूरा न करने पर रोष जताया है।
जिसको
लेकर ही अब दिल्ली में धरना प्रदर्शन करने का फैसला किया गया। उन्हाेंने
कहा कि भाकियू का डेरा डालो घेरा डालो आंदोलन दिल्ली में 18 मार्च से शुरू
होगा। जिसके लिए 17 मार्च को ही भाकियू कार्यकर्ता भारी भीड़ के साथ हरदोई
से दिल्ली प्रस्थान करेंगे।
जिलाध्यक्ष ने किसानों की कई समस्याओं से अवगत
कराया। जिसमें सिंचाई व्यवस्था के लिए नहरोें व माइनरों में आवश्यकतानुसार
पानी पहुंचाने तथा नलकूपों की स्थित बहुत खराब है। जिले के कुल 754
राजकीय नलकूपों में 135 नलकूप खराब पड़े हैं।
बताया कि बोर्ड परीक्षा को
लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली शेड्यूल में परिवर्तन कर दिया गया, पर
बार-बार कटौती से पढ़ाई नहीं हो रही। समाजवादी पेंशन योजना में भी बीडीओ व
सेक्रेटरी पर धांधली की बात कही और अपात्रों का चयन से पात्रों को वंचित
रहने के बारे में बताया।
भाकियू ने सूखा राहत के नाम पर किसानों को राहत न
देने तथा किसानों को फसल के बीज समय से अधिक छूट पर उपलब्ध कराने की मांग
की। भाकियू कार्यकर्ताओं ने तमाम अन्य मांगों को लेकर एक ज्ञापन नगर
मजिस्ट्रेट लक्ष्मीशंकर सिंह को भी दिया। इस मौके पर प्रकाश चंद्र, राजेश
कुमार, रामरतन, मुन्ना खां आदि मौजूद थे।