शाहाबाद। मझिला थाना क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर में शुक्रवार सुबह एक मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चार साल पहले युवक के बड़े भाई की भी ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी बालकराम ने बताया कि उनका पुत्र रंजीत (26) मानसिक रूप से अस्वस्थ था। शुक्रवार सुबह वह किसी को कुछ बताए बिना अचानक घर से निकल गया। कुछ देर बाद नगला गणेश क्रॉसिंग से करीब 400 मीटर दूर अप लाइन पर एक युवक के शव पड़े होने की सूचना मिली। जब वह लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने रंजीत के शव की पहचान की। सूचना पाकर मौके पर पहुंची मझिला पुलिस ने शव को कब्जे में पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि बालकराम के चार बेटों में सबसे बड़े बेटे भारत की भी ट्रेन की चपेट में आने से चार साल पहले मौत हो गई थी। मृतक रंजीत अविवाहित था और खेती-किसानी कर परिवार का हाथ बंटाता था। कोतवाल अरविंद कुमार राय ने बताया कि शुरुआती जांच में मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।