हरदोई। होली पर गांव आए मानसिक रूप से बीमार युवक ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। उसका शव मंगलवार देर शाम गमछे के फंदे से लटका मिला। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जरौली कलां निवासी तोताराम गांव में रहकर खेती करता है। पुत्र सूरज (20) अपनी मां मायावती के साथ नोएडा में एक गद्दा फैक्टरी में वहीं रहकर काम करता था। होली मनाने के लिए 12 मार्च को मां बेटा गांव वापस आए थे। मंगलवार दोपहर सूरज अपने कमरे में चला गया। देर शाम तक कमरे से बाहर नहीं आया तो परिजनों ने आवाज दी। जवाब न मिलने पर कमरे में जाकर देखा तो उसका शव गमछे के फंदे से लटक रहा था। सूरज दो बहनों के बीच अकेला था।
पिता तोताराम ने बताया कि चार-पांच माह पहले सूरज मानसिक रूप से बीमार हो गया था। तब से उसका इलाज चल रहा था और वह स्वस्थ भी हो गया था। पिछले दस दिन से फिर से परेशान था। सीओ बिलग्राम आरपी सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों ने घटना को लेकर कोई आरोप फिलहाल नहीं लगाए हैं।