माधौगंज। थाना क्षेत्र के सौहार गांव में मानसिक रूप से बीमार विवाहिता ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतका के भाई की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सौहार निवासी उमेश कुमार राठौर की शादी लगभग 10 साल पहले बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के अटिया मझिगवां निवासी धनदेवी (32) के साथ हुई थी। उमेश राठौर शनिवार को अपनी मां के साथ अपने कैंसर पीड़ित मामा को देखने के लिए उन्नाव जनपद के हसनगंज थाना क्षेत्र के नेवती गांव गया था। घर में बड़े भाई देवेंद्र व उसके परिजन मौजूद थे। रात में किसी समय धनदेवी ने अपने कमरे में ही मफलर से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।
रविवार सुबह चार बजे घटना की जानकारी परिजनों को हुई। घटना का पता चलने पर उमेश वापस गांव आया। इसी बीच मृतका का भाई श्रवण भी गांव पहुंच गया। श्रवण की सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष केके यादव ने बताया कि फिलहाल घटना को लेकर किसी ने कोई आरोप नहीं लगाए हैं। परिजनों ने बताया कि मृतका दो वर्ष से मानसिक रूप से बीमार थी। बरेली के चिकित्सक से उसका इलाज भी चल रहा था।