हरदोई। लखनऊ की तहसील मलीहाबाद और हरदोई की तहसील संडीला के गांवों में 1,000 एकड़ भूमि पर मेगा टेक्सटाइल पार्क की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है। सोमवार को सरकार की ओर से पेश किए गए बजट में टेक्सटाइल पार्क के लिए सरकार ने एक हजार करोड़ की घोषणा की है।
मेगा टेक्सटाइल पार्क की स्थापना के लिए वैसे तो 1,000 एकड़ भूमि ली गई है। यहां पर वस्त्र उद्योग को बढ़ावा दिया जाएगा। वस्त्र उद्याेग से जुड़ी सभी सुविधाओं के साथ ही सभी काम एक ही परिसर में उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने वर्ष 2023 में मेगा टेक्सटाइल पार्क की स्थापना की घोषणा की थी।
घोषणा के समय यहां पर करीब 1,200 करोड़ की लागत से औद्योगिक पार्क को विकसित किए जाने का अनुमान लगाया गया था। यहां पर वस्त्रोद्योग की स्थापना से एक लाख लोगों को रोजगार की उम्मीद है। मेगा टेक्सटाइल पार्क के लिए हरदोई की तहसील संडीला के विकास खंड भरावन के कटियार, हड़हा, रैकवारखेड़ा और पवायां गांवों से करीब 259 एकड़ भूमि ली जा रही है।