हरदोई। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की विशेष टीम ने सोमवार को पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम राभा में छापा मारा। इस दौरान बिना लाइसेंस मेडिकल स्टोर संचालित होते मिला। संचालक के विरुद्ध पिहानी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मौके पर मिली लगभग पचास हजार रुपये की दवाइयों को सील कर दिया गया है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त को गोपनीय सूचना मिली थी कि राभा में अवैध मेडिकल स्टोर चल रहा है। इस पर उन्नाव के औषधि निरीक्षक अजय कुमार संतोषी और हरदोई के औषधि निरीक्षक नवीन कुमार ने राभा पहुंचकर संबंधित दुकान पर छापा मारा। मेडिकल स्टोर का संचालक लाइसेंस नहीं दिखा सका। संचालक नजीमुल खां के विरुद्ध ड्रग्स एंड कास्मेटिक एक्ट के तहत पिहानी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है।