आग से जला सामान दिखाता दुकानदार। अमर उजाला।
- फोटो : अमर उजाला
पचदेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम आमतारा में सोमवार रात एक मेडिकल स्टोर में आग लग गई। आग लगने से दुकान में रखा सामान जलकर राख हो गया। दुकान मालिक ने रंजिशन आग लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की।
थाना क्षेत्र पचदेवरा के ग्राम चकराछा निवासी मनोज दीक्षित की पास के गांव आमतारा में ओम मेडिकल स्टोर के नाम से दवा की दुकान है। सोमवार देर रात संदिग्ध हालात में दुकान में आग लग गई। आमतारा निवासी गफ्फार व रवि ने दुकान से धुआं निकलते देख मनोज की जानकारी दी। मनोज दुकान पर पहुंच गए और शटर खोला। ग्रामीणों की मदद से किसी तरह आग बुझाई, लेकिन तब तक दुकान में रखा फ्रिज, काउंटर व करीब डेढ़ लाख की दवाइयां समेत फर्नीचर और दस्तावेज जलकर कर राख हो गए। मनोज ने बताया कि दुकान से केरोसिन की गंध आ रही थी। मनोज ने रंजिश में आग लगाए जाने का आरोप लगाया है। एसओ पचदेवरा महेशपाल सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।