हरदोई। बिजली से चलने वाली मशीन से वेल्डिंग करते समय मिस्त्री को करंट लग गया। गंभीर रूप से झुलसे मिस्त्री को सीएचसी बिलग्राम लाया गया। यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के जरसेनामऊ निवासी आशीष विश्वकर्मा (35) वेल्डिंग मिस्त्री थे। सोमवार रात लगभग साढ़े नौ बजे म्योरा मोड़ के आगे दुकानों में लगे लोहे के शटर में बिजली वेल्डिंग मशीन से गेट सही कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उसे करंट लग गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बिजली आपूर्ति बंद कर उसे गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम पहुंचाया।
बिलग्राम सीएचसी में उसे मृत घोषित कर दिया गया। परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री है। दो भाइयों में बड़े थे। छोटे भाई कौशल की सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बिलग्राम कोतवाल नारायण कुमार कुशवाहा ने बताया कि करंट लगने से घटना हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।