बावन। लोनार कोतवाली क्षेत्र के सरायं गांव में सोमवार सुबह विवाहिता का शव घर में फंदे पर लटकता मिला। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगा हंगामा कर दिया। पुलिस ने उन्हें समझाया।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम नरसीपुर निवासी प्रताप ने बताया कि उसने बेटी पूजा राठौर (28) की शादी चार वर्ष पूर्व लोनार कोतवाली क्षेत्र के सरायं गांव निवासी रोहित के साथ की थी। उसके कोई संतान नहीं है। पूजा के पिता ने बताया कि ससुराली उसे आए दिन किसी न किसी बात को लेकर परेशान करते थे। सोमवार को मायके में पति ने पूजा की मौत की सूचना दी।
सूचना मिलने पर मृतका के पिता प्रताप अन्य परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। पूजा का शव कमरे में साड़ी के फंदे से लटकता मिला। मायके वालों ने ससुरालियों पर गला दबाकर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगा हंगामा शुरू कर दिया। मामला तूल पकड़ता देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दे दी। कोतवाल राजेश कुमार राय ने बताया कि घटना में घरेलू कलह की बात सामने आ रही है। बताया कि नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।