हरदोई। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नाऊपुरवा में सोमवार शाम संदिग्ध हालात में तबीयत बिगड़ने से विवाहिता की मौत हो गई। मृतका के पति ने बुखार की दवा खाने के बाद हालत बिगड़ने से मौत होने की बात कही है। वहीं मायके पक्ष ने ससुरालियों पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम ककेड़ी निवासी रीता (35) पुत्री ईश्वरचंद्र की शादी 15 वर्ष पूर्व बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नाऊपुरवा निवासी अमोद कुमार के साथ हुई थी। उसके एक बेटा देव और दो बेटियां अंशिका व बिट्टो हैं। परिजनों के मुताबिक पति दिल्ली में मजदूरी करता है। सोमवार शाम रीता की संदिग्ध हालात में तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर आए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मायके पक्ष से मृतका का भाई रमाशंकर अन्य परिजनों के साथ पहुंचा।
उसने आरोप लगाया कि ससुराली किसी न किसी बात को लेकर आए दिन बहन को प्रताड़ित कर रहे थे। उसने ससुरालियों पर बहन की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मंगलवार सुबह शहर कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम सूत्रों के मुताबिक महिला की सेप्टीसीमिया बीमारी से मौत होने की पुष्टि हुई है। बिलग्राम कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।