हरियावां। हरियावां थाना क्षेत्र के ग्राम चिरइया झाला में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में पति सहित चार लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अहेमी निवासी बड़े पुत्र मैकू ने अपनी पुत्री प्रिंसी (19) की शादी 12 मई 2019 को हरियावां थाना क्षेत्र के ग्राम चिरइया झाला निवासी सोनू के साथ की थी। मैकू के मुताबिक गुरुवार की सुबह सोनू ने फोन कर जानकारी दी कि प्रिंसी ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। वह अपने परिजनों के साथ चिरइया झाला पहुंचा। वहां उसे प्रिंसी का शव घर के अंदर आंगन में जमीन पर पड़ा मिला।
मैकू का आरोप है कि प्रिंसी के ससुरालीजन दहेज में 50 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। रुपये न देने पर प्रिंसी के पति सोनू, ससुर नरेश, चाचा भगवानदीन गांव निवासी वीपी ने पीट-पीट कर उसकी हत्या कर दी। हरियावां थानाध्यक्ष अरुणेश गुप्ता ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति सहित चार लोगों के विरुद्ध दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।