दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को लात-घूसों से पीटकर बेहोशी की हालत में गांव के बाहर फेंक दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है।
बघौली थाना क्षेत्र के सालपुर गांव निवासी शांती (25) ने बताया कि दहेज में बाइक व सोने की चेन न मिलने पर ससुराली अक्सर उसे प्रताड़ित करते थे।
बुधवार को उसे लात-घूसों से पीट भी दिया। मारपीट में वह बेहोश हो गई तो उसे गांव के बाहर फेंककर भाग निकले। कुछ देर बाद वह किसी तरह पड़ोस के मरेउरा गांव पहुंची और ग्रामीणों को आपबीती सुनाई।
पुलिस ने पहुंचकर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है। शांती की मां राजकुमारी ने बताया कि बेटी की शादी तीन साल पहले चौहानखेड़ा गांव निवासी आशीष से हुई थी।
उसका एक साल का बेटा भी है। उन्होंने ससुरालियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। एसओ फूलचंद्र सरोज ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।