मल्लावां (हरदोई)। शादीशुदा सिरफिरे युवक ने गलत मंशा पूरी न होने पर एक विवाहिता की सिर पर फावड़ा मारकर हत्या कर दी है। सोमवार शाम 5:30 बजे की यह घटना मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के गांव गढ़ी रसूलपुर की है। यह युवक दस साल से युवती का जीना हराम किए था। यहां तक की साजिश रचकर उसका शादीशुदा जीवन भी बर्बाद कर चुका था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मौके से खून से सना फावड़ा बरामद कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने भी मौका मुआयना कर मृतका के परिजनों से जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर साक्ष्य जुटाए।
गढ़ी रसूलपुर निवासी राम रहीस खेती करते हैं। उनके दो बेटे धीरेंद्र और वीरेंद्र जयपुर में रहकर प्राइवेट फैक्टरी में काम करते हैं। गांव में वह अपनी पत्नी शिवदेवी के साथ रहते हैं। विवाहित बेटी शिल्पी (27) की ससुराल कोतवाली क्षेत्र के नयागांव में है लेकिन पति से विवाद के कारण पिछले तीन साल से वह भी मायके में उनके साथ रह रही थी। रामरहीस ने बताया कि सोमवार शाम वह पत्नी शिवदेवी के साथ खेत पर गया था। शिल्पी घर में थी। मकान से लगभग ढाई सौ मीटर दूर छप्पर के नीचे उन्होंने घेर बना रखा है। शाम को शिल्पी घेर गई तो गांव का रिषभ द्विवेदी वहां आ गया। शिल्पी से विवाद करने लगा। शोर सुनकर उनके छोटे भाई की पत्नी छोटका वहां पहुंचीं। इसी बीच रिषभ ने फावड़े से शिल्पी के सिर पर वार कर दिया। इससे शिल्पी की मौके पर ही मौत हो गई। छोटका ने रिषभ को पकड़ना चाहा तो वह धक्का देकर भाग निकला।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर रिषभ के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। अब तक की जांच में पता चला है कि शिल्पी एक दशक से रिषभ की हरकतों से परेशान थी।