फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

घरेलू कार्य न करने से नाराज पति ने पत्नी को मौत के घाट उतारा

विज्ञापन
विज्ञापन
टड़ियावां (हरदोई)। थाना क्षेत्र के ग्राम भौता कमालपुर में घर का काम न करने से नाराज किसान ने पत्नी की पीट-पीटकर हत्या करने के बाद शव को बोरे में बांधकर गांव में ही तालाब में फेंक दिया। पुलिस को पत्नी के गुमशुदा होने की जानकारी दे दी। आरोपी के ससुर की शंका पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो सच्चाई सामने आ गई। पति की निशानदेही पर पुलिस ने तालाब से शव बरामद कर लिया है।
विज्ञापन

ग्राम भौता कमालपुर निवासी संजय शुक्ला पुत्र राजबहादुर गांव में ही खेती करता है। 20 साल पहले उसका विवाह अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम भरावन निवासी रामपदार्थ की पुत्री किरन उर्फ पिंकी (42) के साथ हुआ था। एक जनवरी की रात किरन के घर से गायब होने की सूचना संजय ने पुलिस को दी। साथ ही ससुराल में भी इसकी जानकारी दी। मंगलवार को पिंकी के पिता रामपदार्थ ने टड़ियावां पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक सुभाषचंद्र सरोज से मुलाकात की और संजय पर ही पिंकी को गायब करने की शंका जताई।
इस पर पुलिस ने संजय को थाने बुलाकर पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल लिया। उसने बताया कि एक जनवरी की रात ही उसने पीट-पीटकर पिंकी की हत्या कर दी थी और फिर शव को बोरी में बंदकर गांव के बाहर स्थित तालाब में फेंक दिया था। बुधवार सुबह प्रभारी निरीक्षक सुभाषचंद्र सरोज पुलिस बल के साथ गांव स्थित तालाब पर पहुंचे। यहां संजय की निशानदेही पर बोरे में बंद शव बरामद कर लिया। संजय ने पुलिस को बताया है कि पिंकी घरेलू कार्यों में रुचि नहीं लेती थी। इसके कारण उसको मार डाला। सीओ सदर नागेश मिश्रा ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर संजय के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
विज्ञापन

शक ने उजाड़ दिया परिवार
टड़ियावां। थाना क्षेत्र के भौता कमालपुर में पति की शक करने की आदत ने हंसते खेलते परिवार को बर्बाद कर दिया। ग्रामीणों की मानें तो एक जनवरी की रात संजय ने गांव के कुछ लोगों से पत्नी किरन के गायब हो जाने की बात कही थी। इस पर जब ग्रामीणों ने उससे खोजबीन के लिए कहा तो उसने यहां तक कहा कि उसकी पत्नी किसी के साथ भाग गई है। यहीं से ग्रामीणों को शंका होने लगी कि कुछ अनहोनी हुई है।
इसका कारण ये भी था कि किरन तो गायब थी, लेकिन गांव का कोई अन्य व्यक्ति गायब नहीं था। ग्रामीणों के मुताबिक संजय नशा करने का भी आदी है और इसके कारण पति-पत्नी के बीच विवाद भी हो जाता था। बहरहाल पूरे मामले का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। संजय और पिंकी के छह बच्चों में तीन पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। पुलिस के मुताबिक सभी बच्चे घटना को लेकर चुप्पी साधे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें