हरदोई। मंगलवार रात गश्त के दौरान बघौली पुलिस ने लखनऊ की तरफ से आ रही पिकअप में 58 पेटी प्रतिबंधित टिंचर (नशे के लिए प्रयोग होने वाली दवा) और आक्सीटोसिन इंजेक्शन पकड़े हैं। पिकअप सवार दो युवकों के खिलाफ औषधि अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया है। एसओ फूलचंद्र सरोज ने बताया कि मंगलवार को वह टीम के साथ लखनऊ मार्ग पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें लखनऊ से हरदोई की तरफ आ रही पिकअप दिखी।
शक होने पर उन्होंने पिकअप का पीछा किया। पुलिस की गाड़ी को आता देख चालक ने पिकअप भगाने का प्रयास किया। पुलिस ने पिकअप रुकवाकर दो युवकों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम चालक रविंद्र यादव पुत्र शिवबचन निवासी राजाजीपुरम लखनऊ व संजय यादव पुत्र फूलचंद्र यादव निवासी सिंधूनगर थाना कृष्णानगर लखनऊ बताया। तलाशी के दौरान पिकअप से 58 पेटी प्रतिबंधित टिंचर (5800 शीशी) व 42 आक्सीटोसिन इंजेक्शन बरामद हुए हैं। आबकारी व औषधि प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच की। आरोपियों का कहना है कि बघौली कस्बे के कुछ व्यापारियों के आर्डर पर माल देने आ रहे थे। एसओ ने बताया कि कुछ लोग नशे की लत पूरी करने के लिए टिंचर का सेवन करते हैं।