बावन। लोनार कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत हरदोई-सवायजपुर मार्ग स्थित पुल से युवक ने गर्रा नदी में छलांग लगा दी। एक घंटे बाद उसका शव नदी में उतराता मिला।
लोनार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लोनार निवासी सुभाष (28) पुत्र गंगाराम की ससुराल बावन कस्बे में है। सुभाष मजदूरी करता था। शुक्रवार दोपहर वह पत्नी गुड़िया को मायके भेजने साइकिल से जगदीशपुर चौराहे गया था। मायके पक्ष के लोग गुड़िया को लेकर बावन लौट गए। सुभाष घर जाने के लिए निकला, लेकिन गांव के निकट ही स्थित गर्रा नदी के पुल पर साइकिल खड़ी कर नदी में कूद गया।
ग्रामीण पुल की तरफ दौड़े तो साइकिल और चप्पलें रखी देख खुदकुशी का अंदाजा लगाकर पुलिस को सूचना दी। गांव से भी उसके परिजन आ गए। लगभग एक घंटे बाद ग्रामीण और परिजनों को शव नदी में उतराता मिल गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।