कोतवाली क्षेत्र के गांव रायपुर दलपतपुर के निकट घने कोहरे के चलते कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बाइक पर मौजूद उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है।
गांव लोहगढ़ निवासी पूर्व बीडीसी सुभाष शर्मा का बेटा मनोज शर्मा अपने दोस्त गांव के ही सचिन पुत्र सुरेंद्र सिंह के साथ शनिवार को किसी काम से अतरौली गया था। देर शाम लौटते समय घने कोहरे के कारण रायपुर दलपतपुर के निकट सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां रविवार को मनोज ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इससे परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंप दिया।