संवाद न्यूज एजेंसीहरदोई। बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने गए शख्स की सुनवाई न करना मल्लावां कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक के लिए मुसीबत का सबब बन गया। पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने मामले की जांच करवाने के बाद वरिष्ठ उपनिरीक्षक को निलंबित कर दिया।
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के सरफुद्दीनपुर निवासी एक शख्स का पुत्र (18) बीती छह अप्रैल को बरेली से हरदोई आने के लिए ट्रेन पर सवार हुआ था। हरदोई आने से पहले ही उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। वह घर भी नहीं पहुंचा। इस पर सात अप्रैल को शख्स मल्लावां कोतवाली पहुंचा। बेटे की गुमशुदगी का मामला दर्ज करने के लिए वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन चंद्र द्विवेदी से मिला। आरोप है कि नवीन ने फरियादी काे टरका दिया। बरेली से युवक के गायब होने का मामला बरेली में दर्ज कराने को कहा। पूरे मामले की शिकायत एसपी नीरज कुमार जादौन से की गई। उन्होंने गैंग्स्टर सेल के प्रभारी मनोज कुमार सिंह से घटना की जांच कराई। जांच आख्या मिलने के बाद नवीन चंद्र द्विवेदी को निलंबित कर दिया गया है। उधर दूसरी ओर गुमशुदा युवक भी कानपुर में मिल गया। वह जहरखुरानी का शिकार हो गया था।