हरदोई। अवैधानिक रूप से एक शख्स को 24 घंटे तक थाने में बिठाए रखना मझिला के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार यादव के लिए मुसीबत का सबब बन गया। एसपी नीरज कुमार जादौन ने प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले की जांच सीओ सिटी अंकित मिश्रा को सौंपी है।
एसपी ने बताया कि बीते सोमवार को उनके मोबाइल पर एक कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने बताया था कि मझिला के फत्तेपुरगयंद निवासी लंकुश कश्यप को थाने में पुलिस ने बेवजह ही बैठा रखा है। एसपी ने सीओ हरपालपुर शिल्पा कुमारी से मामले की जांच कराई। जांच में पता चला कि लंकुश ने गांव निवासी कुछ लोगों पर गाली गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए 16 फरवरी को शिकायत दर्ज कराई थी। कोई कार्रवाई न होने पर 20 फरवरी को उसने एसपी से शिकायत की थी। शिकायत में दबाव बनाने के लिए पुलिस ने लंकुश को 24 घंटे तक थाने पर बैठाए रखा। एसपी ने पुलिस कर्मियों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को अवैधानिक रूप से थाने में न बैठाया जाए।