कोटे के बाहर मौजूद अधिकारी। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई में डीएम पुलकित खरे के निर्देश पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट दीपक वर्मा ने नायब तहसीलदार हरदोई विष्णुदत्त मिश्रा व दो लेखपालों के साथ संडीला तहसील के ब्लॉक बेहंदर के ग्राम पिलखनी स्थित उचित दर विक्रेता माया देवी की दुकान पर छापा डाला।
टीम ने स्टॉक की जांच व कार्डधारकों के बयान दर्ज किए। जांच के दौरान रजिस्टर में दर्ज उठान की मात्रा के सापेक्ष मौके पर 10 बोरी गेहूं व 37 बोरी चावल (23 क्विंटल 50 किलोग्राम) कम मिला।
कार्डधारकों को प्रतिदिन वितरित किए जा रहे राशन की रजिस्टर पर इंट्री नहीं मिली। यही नहीं जांच के दौरान टीम ने इलेक्ट्रानिक तौल कांटे की जांच की तो प्रति 5 किलोग्राम वजन के सापेक्ष कांटे में 1 किलो 300 ग्राम वजन अधिक प्रदर्शित होता मिला।
पूछताछ करने पर कार्डधारकों ने बताया कि कोटेदार द्वारा ईपॉस मशीन पर अंगूठा लगवाए जाने के बाद भी कुछ लोगों को राशन नहीं दिया जाता। बताया कि दुकान पर पिछले कई माह से केरोसिन का वितरण नहीं किया गया है। अनियमितता मिलने पर टीम ने दुकान को सील कर दुकान की चाभी कासिमपुर पुलिस के हवाले कर दी है। एसडीएम ने बताया कि इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।