स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार से ही
जिले के प्रमुख चौराहे व इमारतें रोशनी से नहाती नजर आईं, तो वहीं सरकारी व
गैर सरकारी कार्यालयों में दिनभर तैयारियों का दौर जारी रहा। शहर के
प्रमुख चौराहों को भी दुल्हन की तरह सजा दिया गया।
गांधी भवन में जहां एक
ओर गांधी की प्रतिमा की सफाई और धुलाई का काम चला, वहीं अन्य कार्यक्रम
स्थलों को लेकर भी साफ सफाई करने का प्रयास किया जाता रहा। शनिवार को
स्वतंत्रता दिवस का जश्न पूरे देश के साथ ही जिले में भी मनाया जाएगा।
इसको
लेकर पिछले काफी समय से तैयारियों का दौर तो चल ही रहा था, पूर्व संध्या
आते-आते ही तैयारियां और गति पकड़ गई। शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस की
पूर्व संध्या पर नगर के जिंदपीर चौराहा, सिनेमा चौराहा, नुमाइश चौराहा,
स्वर्ण जयंती चौराहा, समस्त सरकारी व गैर सरकारी भवनों पर प्रकाश व्यवस्था
एवं साज सज्जा नजर आई।
स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाले कई कार्यक्रमों
की रूपरेखा पूर्व में ही तय कर दी गई है। सुबह साढ़े छह बजे प्रभात फेरी
से ही कार्यक्रमों की शुरुआत हो जाएगी। आठ बजे कलक्ट्रेट परिसर में
झंडारोहण किया जाएगा। इसके साथ स्कूलों में झंडारोहण और अन्य सांस्कृतिक
कार्यक्रम आयोजित होंगे।
उधर, स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर डाल
सिंह मेमोरियल स्कूल के बच्चों ने शुक्रवार को शहीद उद्यान पहुंचकर शहीदों
की मूर्तियों पर माल्यार्पण कर शहीदों को नमन किया। बच्चों ने शहीद भगत
सिंह, चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। शहीदों की चिताओं पर
लगेंगे हर बरस मेले, वतन पर मरने वालों का यही बाकी निशां होगा।
भक्ति भाव
से बच्चों ने शहीद स्तंभ पर पुष्प चढ़ाकर देश पर अपनी जान न्योछावर करने
वाले देश के सपूतों को याद किया। इस मौके पर प्रधानाचार्या भूमिका सिंह,
लक्ष्मी देवी, मंशा बाजपेई, नैना गुप्ता, दिव्या सिंह, नंदिनी बाजपेई,
अंजली सिंह, रामप्रकाश पांडे और सत्यवीर सिंह आदि मौजूद थे।