शाहाबाद। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गिगियानी निवासी महिला ने प्रेमी की बेरुखी और बेटे के तानों से आहत होकर फंदा लगाकर जान दी थी। मृतका के बेटे ने प्रेमी को फंसाने के लिए गला दबाकर महिला की हत्या किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शनिवार को एएसपी पश्चिमी ने वारदात का खुलासा किया।
एएसपी पश्चिमी लक्ष्मी निवास मिश्र ने घटना का खुलासा करते बताया कि कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गिगियानी निवासी रामबेटी (48) पत्नी मुंशी की गला दबाकर हत्या नहीं की गई थी। उसने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। बताया कि बुधवार को रामबेटी की लाश बिस्तर पर मिली थी।
मृतका के बेटे की तहरीर पर मोहल्ला निवासी तारिक और उसके भाई पप्पू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग से निकला था। जबकि प्रवीण का कहना था कि उसने मां के प्रेमी तारिक और पप्पू को मां की गला दबाकर हत्या करने के बाद घर से भागते देखा था।
एएसपी ने बताया कि हत्याकांड की जांच के दौरान कई अहम तथ्य सामने आए। पिछले कुछ महीना से उसका प्रेमी तारिक उससे बेरुखी कर रहा था। इससे वह काफी आहत थी। इसकी वजह रामबेटी ने तारिक की खातिर ही पति और बच्चों की परवाह नहीं की थी।
इसके चलते पति मुंशी ने फांसी लगाकर जान दे दी थी। रामबेटी के बेटे प्रवीण और श्रवण भी उसे तवज्जो नहीं दे रहे थे। बताया कि बुधवार को दोपहर करीब तीन बजे रामबेटी ने प्लास्टिक के फंदे से जान दी थी। इसकी जानकारी होने पर प्रवीण ने उसको नीचे उतारा था और रस्सी को जला दिया था।
हत्या के आरोप में तारिक और पप्पू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एएसपी ने बताया कि मृतका का प्रेमी और बेटे के गलत बर्ताव के कारण ही रामबेटी ने आत्महत्या की है। बताया कि दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में उसने जुर्म स्वीकार किया है।