हरदोई। लॉकडाउन के दौरान नियम तोड़ने वालों को पुलिस की सख्ती का शिकार होना पड़ा। हाल ये है कि रात में तो सड़कों पर सन्नाटा नजर आता है लेकिन दिन में लोग घर से निकल पड़ते हैं। शुक्रवार को चौराहों पर चहलकदमी देखकर पुलिस ने सख्ती दिखाई।
कारण न बताने पर बाइक सवारों को उठक बैठक भी लगवाई। वहीं कुछ जरूरतमंदों को हिदायत देकर जाने दिया।
सिनेमा चौराहे पर महिला थाना प्रभारी सुधा सिंह ने एक बाइक सवार को रोका। थाना प्रभारी ने उससे गाड़ी के कागज और लाइसेंस मांगा। लेकिन वह कागज नहीं दिखा पाया।
आखिरकार उसे उठक बैठक लगानी पड़ी। इसके बाद हिदायत देकर उसे छोड़ दिया गया। उसने बताया कि वह दवा लेने जा रहा था लेकिन कोई पर्चा नहीं दिखा सका। अन्य जगह भी ऐसे हालात नजर आए।
सिनेमा चौराहे पर यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी पुलिस सख्त दिखी। महिला थाना प्रभारी सुधा सिंह ने बाइक सवार को हिदायत दी कि दवा लेने जाना है तो जाएं लेकिन कम से कम यातायात नियमों का तो पालन करें। बिना हेलमेट दो से तीन सवारी लेकर निकल रहे हैं। जबकि इन दिनों दो सवारी पर भी जुर्माना लगाने का प्रावधान है।
शहर के सिनेमा चौराहे पर ही एसआई हंसमती ने एक ई रिक्शा वाले को रोक लिया। रिक्शा में महिला रोगी के साथ दो लोग पीछे और एक आगे बैठा था। जिस पर उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि रोगी के साथ एक ही परिजन जा सकता है। अगली बार सख्त कार्रवाई होगी।
शुक्रवार दोपहर एक चौराहे पर बाइक सवार को जब महिला सिपाहियों ने रोका तो वह पास दिखाने लगा। जब महिला सिपाहियों ने कहा कि हेलमेट कहां हैं तो वह कोई जवाब नहीं दे सका। इस पर महिला सिपाही बोलीं कि क्या पास पर हेलमेट नहीं लगाना है, ये भी लिखा है।