बिलग्राम/पिहानी। जिलाधिकारी पुलकित खरे ने पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के साथ गुरुवार देर रात बिलग्राम और पिहानी कस्बे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूरी तरह से बंद दोनों कस्बों के बारे में वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की।
फिलहाल बिलग्राम को पूरी तरह बंद रखने का ही निर्णय लिया गया। वहीं पिहानी में नियमानुसार छूट दी गई। यहां आवश्यक सेवाओं की दुकानें सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक खुली रहीं।
गुरुवार रात साढ़े 12 बजे डीएम और एसपी ने एएसपी पूर्वी कुंवर ज्ञानंजय सिंह, एसडीएम बिलग्राम कपिलदेव यादव, सीओ शिवराम कुशवाहा, कोतवाल अमरजीत सिंह के साथ बिलग्राम कस्बे का जायजा लिया। अलग-अलग स्थानों पर बनाए गए बैरियर भी देखे।
नौ अप्रैल को बिलग्राम में कोरोना पॉजिटिव का एक मरीज मिलने के बाद बिलग्राम को पूरी तरह बंद कर दिया गया था। गुरुवार को आवश्यक वस्तुओं की दुकानों को कुछ देर के लिए खोला गया था, लेकिन शुक्रवार को फिर पूरी तरह बंदी रही। सीओ एसआर कुशवाहा ने बताया कि शुक्रवार देर रात फिर से स्थिति की समीक्षा होगी।
शाहाबाद के एसडीएम एपी श्रीवास्तव ने बताया कि 15,16 और 17 अप्रैल के लिए कस्बे को पूरी तरह बंद करने की घोषणा की गई थी। लेकिन शनिवार को भी कस्बा पूरी तरह बंद रहेगा। एसडीएम ने बताया कि कस्बे में हर व्यक्ति की स्क्रीनिंग का कार्य चल रहा है। ये कार्य अभी पूरा नहीं हो पाया है और इसके मद्देनजर पूर्ण बंदी एक दिन के लिए बढ़ाई गई है।