पेराई सत्र की शुरुआत करते जिलाधिकारी विवेक वार्ष्णेय व अन्य।
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई । डीएससीएल शुगर मिल लोनी में पेराई सत्र का आगाज मंगलवार को जिलाधिकारी विवेक वार्ष्णेय ने किया। चीनी मिल स्टाफ व किसानों के साथ डीएम ने गन्ने व मशीनों का पूजन करने के बाद गन्ने पेरने के लिए मशीन में डाले। 80 हजार कुंतल रोज पेराई क्षमता वाली चीनी मिल लोनी में गन्ना भरी बैलगाड़ी की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद बैलों एवं बैलगाड़ी चालक किसान को तिलक लगाकर माला पहनाई गई।
इसी प्रकार गन्ना से भरे ट्रैक्टर एवं ट्रक की पूजा के साथ ही चालक को तिलक व माल्यार्पण किया गया। जिलाधिकारी ने कैन कैरियर की पूजा तथा कैन कैरियर का स्विच दबाकर मिल का शुभारंभ किया। उन्होंने कैन कैरियर में गन्ना भी डाला। जिलाधिकारी ने मिल में स्थापित इलेक्ट्रानिक धर्मकांटा का निरीक्षण किया। उन्होंने महाप्रबंधक चीनी मिल से कहा कि गन्ना किसानों का विशेष ध्यान रखा जाए। किसानों को किसी प्रकार की समस्या न होने दी जाए। इस अवसर पर एसडीएम शाहाबाद सहित चीनी मिल स्टाफ आदि मौजूद रहा।