शराब माफिया पिहानी के पूर्व ब्लाक प्रमुख जय प्रकाश गुप्ता के परिवार पर प्रशासन की निगाह टेढ़ी हो गईं हैं। जय प्रकाश गुप्ता के भाई, पुत्र और पत्नी के नाम आवंटित देशी शराब की दुकानों को जिलाधिकारी ने निरस्त कर दिया है। साथ ही इन सभी को ब्लैक लिस्टेड भी कर दिया है।
जिलाधिकारी पुलकित खरे ने बताया कि जिले में देसी शराब की आठ दुकानों को निरस्त कर दिया गया है। शराब की दुकानों में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों को काली सूची में भी डाल दिया गया है। डीएम के मुताबिक छिबरामऊ और दुर्गागंज में देसी शराब की दुकान का संचालन सुमित कुमार शुक्ला उर्फ सुपिन कर रहे थे।
अनियमितता पाए जाने पर दुकानें निरस्त कर दी गईं हैं। इसके अलावा शहर में बिलग्राम चुंगी और बंदरहा की दुकान निलंबित कर सौरभ गुप्ता को काली सूची में डाला गया है।
कोटकला पिहानी और बरगावां की दुकानों को निरस्त कर वेद प्रकाश गुप्ता, कुंवरपुर बघेल और बरबर मोड़ हन्न पसिगवां की ठेकेदार सरिता गुप्ता को भी काली सूची में डाल दिया गया है। सौरभ गुप्ता शराब माफिया जेपी का पुत्र है, जबकि सरिता गुप्ता जेपी की पत्नी और पिहानी की पूर्व ब्लाक प्रमुख हैं। वेद प्रकाश गुप्ता भी शराब माफिया का भाई है।