हरदोई/बेंहदर। गर्मी का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। मंगलवार को आसमान में हल्के बादल नजर आए, मगर गर्मी से राहत नहीं मिली। दिन के तापमान में मात्र एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। अभी मौसम में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।
गर्मी के तेवर कम नहीं हो रहे हैं। मंगलवार सुबह भी तेज धूप व गर्म हवाएं चलनी शुरू हो गईं, जो पूरे दिन चलती रही। दोपहर में कुछ देर के लिए लिए आसमान में हल्के बादल छाए। इससे लोगों ने राहत की उम्मीद की, मगर कुछ देर बाद ही आसमान साफ हो गया। पूरे दिन गर्म हवाओं से लोग परेशान रहे। मंगलवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सोमवार से एक डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वेधशाला प्रभारी आरसी वर्मा के अनुसार मौसम में अभी कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।
बेहंदर। सीएचसी अधीक्षक डॉ. शैलेन्द्र शुक्ला ने बताया कि मौसम में बदलाव के समय लोग सबसे ज्यादा बीमार होते हैं। फिलहाल गर्मी तेजी से बढ़ रही है, ऐसे में ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है। अपने खानपान से लेकर पहनावे का ख्याल रखें। दिन भर में कम से कम 10 से 15 ग्लास पानी जरूर पीना पीएं। नाश्ते में जूस को जरूर शामिल करें। बीमार होने पर चिकित्सक को दिखाएं। धूप से बचाव करें। सुबह 11 से शाम चार बजे तक जरूरी होने पर ही बाहर निकलें। ककरी, खीरा, तरबूज का सेवन करें। इसके साथ ही दाल, हरी सब्जी, छाछ का सेवन करें। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर हॉट वेव रूम बनाया गया है, जिसमें लू के मरीजों के लिए चार बेड आरक्षित किए गए हैं।