संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। तीन से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। जलभराव व बारिश के कारण बाजारों में भी सन्नाटा पसरा रहा। जरूरी कामकाज, वादकारी व सरकारी कार्यालयों से जुड़े लोग ही घरों से निकले। 48 घंटे में यहां पर 224.2 मिलीमीटर (मिमी.) बारिश रिकार्ड की गई है। बारिश के पानी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण शहर सहित कस्बा व गांवों तक में जलभराव हो गया है। वहीं अलग-अलग क्षेत्र में छप्पर व दीवार गिरने दो लोगों की मौत हुई है, जबकि महिला सहित तीन लोग घायल हो गए हैं।
मंगलवार सुबह लगभग चार बजे से शुरू हुई बारिश गुरुवार तक जारी है। बुधवार रात से जारी बारिश गुरुवार को दिन भर जारी रही। बारिश से कलक्ट्रेट व विकास भवन परिसर, नुमाइशपुरवा, विष्णुपुरी, सुभाषनगर, नघेटा रोड, आवास विकास कालोनी सहित कई मोहल्लों में जलभराव रहा। नुमाइश पुरवा, आजादनगर और लक्ष्मीपुरवा में बड़ी संख्या में घरों में भी पानी भर गया है। मौसम विभाग की वेधशाला के प्रेक्षक रमेश वर्मा ने बताया कि गुरुवार सुबह तक 64.2 मिलीमीटर बारिश हुई। अब तक करीब 224.2 मिमी. से अधिक बारिश हो चुकी है।
पिहानी क्षेत्र में बारिश से सई नदी में पानी बढ़ने से उमरसेड़ा-कुइयां मार्ग पर स्थित पुल पानी में डूब गया है। राहगीरों का आवागमन बंद हो गया है। लोग नाव के सहारे इधर से उधर आ-जा पा रहे है। कई बीघा खेतों में भी पानी भर गया है। पशुओं के लिए चारे का संकट हो गया है। पिहानी-जंगबहादुरगंज मार्ग पर शाहपुर तिराहा के पास बबूल का पेड़ गिरने से करीब दो घंटे तक आवागमन बंद रहा। वन विभाग व पुलिस फोर्स ने पेड़ को हटाकर यातायात सुचारू कराया।
फोटो 14 दामिनी की फाइल फोटो
अलग-अलग क्षेत्र में दीवार गिरने से किशोरी समेत दो लोगोंं की मौत, दो घायल
हरदोई। तीन दिन से हो रही बारिश लोगों लिए घातक दिखने लगी है। थाना पाली व सांडी क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों एक किशोरी समेत दो लोगों की मौत हो गई। तीसरी घटना में बुजुर्ग महिला समेत दो लोग घायल हो गए। सांडी क्षेत्र के मलवा अखबेलपुर निवासी रमेश अपने मकान में सो रहे थे। घर पर ही पुत्री शिवानी ऊर्फ शैलजा (21) नाती अमन (04) चारपाई पर लेटे थे। रात में करीब तीन बजे अचानक कोठरी भर-भराकर बैठ गई।
इसमें रमेश, पुत्री व नाती मलबे में दबकर घायल हो गए। घायलों को सीएचसी लाया गया। यहां पर चिकित्सकों ने शैलजा को मृत घोषित कर दिया। रमेश व अमन की हालत नाजुक होने होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया है। बरोलिया निवासी लाल बिहारी का बारिश में छप्पर व दीवार गिर गया। इससे छप्पर के नीचे बैठी पड़ोस की माधुरी 60 व उनकी पोती अरूणा 17 घायल हो गईं।
पाली थाना क्षेत्र के ग्राम अमिरता निवासी विनोद की 13 वर्षीय पुत्री दामिनी बुधवार की देर शाम को अपने पड़ोसी बलवंत की पत्नी आशा (50), सोनपाल की पत्नी पुष्पा (55) के साथ गांव के ही ओमकार के यहां जा रही थी। रास्ते में ओमकार के घर के पास में पक्की दीवार गिर गई। इसमें मलबे में किशोरी समेत तीनों घायल हो गईं। सवायजपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। चिकित्सक ने आशा को मृत घोषित कर दिया था। दामिनी ने मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।