बिलग्राम। कोतवाली क्षेत्र के बिरनी गांव में मंगलवार देर रात घर के बाहर बरामदे में सो रही किशोरी पर अज्ञात हमलावर ने चाकू से हमला कर दिया। बेटी को बचाने दौड़ी मां भी हमले में घायल हो गईं। गंभीर रूप से घायल किशोरी को पहले सीएचसी फिर मेडिकल कॉलेज और बाद में लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
बिरनी गांव निवासी जीवाराम की पुत्री नेवली देवी (17) मंगलवार रात अपनी मां जय देवी (45) के साथ घर के बरामदे में सो रही थी। इसी दौरान देर रात अज्ञात हमलावर घर में घुस आया और सो रही किशोरी पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू किशोरी के बाईं ओर पेट में लगा, जिससे वह चीख उठी। बेटी की आवाज सुनकर पास ही सो रही मां जय देवी उसे बचाने दौड़ीं तो हमलावर ने उन पर भी हमला कर दिया। बचाव के दौरान चाकू उनकी हाथ की उंगली में लग गया, जिससे वह भी घायल हो गईं।
शोर सुनकर घर के अंदर सो रहे जीवाराम और आसपास के ग्रामीण बाहर निकल आए। ग्रामीणों के एकत्र होने पर हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किशोरी को सीएचसी पर लेकर गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे हरदोई रेफर किया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर लखनऊ मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि अभी तक घटना के संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है। किशोरी के साथ पूछताछ और सुरक्षा के लिए एक उपनिरीक्षक को लखनऊ भेजा गया है।